उत्तर प्रदेश

रानीगंज पुलिस ने सरकारी धन के गबन और शौचालय निर्माण में अनियमितता के आरोपी को किया गिरफ्तार

बेल्हा/रानीगंज :ब्यूरो चीफ, दीपांशु तिवारी

रानीगंज। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्ती दिखाते हुए रानीगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। थाना रानीगंज पुलिस ने सोमवार, 30 जून को दादूपुर कायस्थपट्टी के पास से राजेश कुमार पुत्र रामलाल, निवासी मरियमपुर, थाना पट्टी को गिरफ्तार किया। राजेश पर मनरेगा के तहत सामुदायिक शौचालय निर्माण में अनियमितता और सरकारी धन के गबन का आरोप है।

उत्तर प्रदेश शासन और ग्राम्य विकास आयुक्त के आदेश पर ग्राम पंचायत बुढौराकुम्मापुर, खेमईपुर, सराय जमुनी, सराय शेरखां और जरियारी में मनरेगा योजनांतर्गत हुए सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्यों की जांच कराई गई। जांच में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता और निर्माण कार्यों में भारी गड़बड़ी सामने आई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सरकारी धन की हेराफेरी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, उप निरीक्षक हरिमोहन राजपूत, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल योगेन्द्र यादव की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही अन्य दोषियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *