उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,244 नए सिपाहियों का प्रशिक्षण शुरू, थानों को मिलेंगे 25 अतिरिक्त जवान
Published by धर्मेंद्र शर्मा
उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 60,244 नवनियुक्त सिपाहियों का प्रशिक्षण आगामी 13 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही यह प्रशिक्षण पूरा होगा, प्रदेश के प्रत्येक थाने को 25 अतिरिक्त सिपाही उपलब्ध कराए जाएंगे। डीजीपी ने इसे पुलिस व्यवस्था में “गेम चेंजर” करार दिया।
उन्होंने कहा कि ये सिपाही आने वाले 30-40 वर्षों तक समाज और पुलिस व्यवस्था के लिए रीढ़ की हड्डी साबित होंगे, इसलिए इनका प्रशिक्षण बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी जिलों के एसपी, एसएसपी, कमांडेंट और प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा और मनोयोग से भाग लें।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षुओं को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन दें और नेतृत्व का आदर्श प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण केवल शारीरिक दक्षता का नहीं, बल्कि मानसिक, नैतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी प्रभावी होना चाहिए, ताकि ये सिपाही पुलिस सेवा में जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरें।
उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



