उत्तर प्रदेश

मुरादनगर का 359वां उर्स मेला: कव्वाली मुकाबले में उमड़ी भीड़, पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा

रिपोर्ट : हैदर खान

मुरादनगर: नगर के ईदगाह रोड पर स्थित हजरत मोहम्मद मुराद गाजी रहमतुल्लाह अलेही की याद में आयोजित 359वां उर्स मेला हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बनकर उभर रहा है। इस मेले में राष्ट्रीय स्तर के कव्वालों के बीच हुए शानदार मुकाबले ने लोगों का दिल जीत लिया। खासकर, बिजनौर के जेंट्स कव्वाल वारिस साबरी घुंघरू वाले और कानपुर की लेडी कव्वाल सोनम वारसी के बीच हुए जोरदार मुकाबले ने दर्शकों में गजब का जोश भरा, जिसके चलते देर रात तक लोग डटे रहे।

मेले में बच्चों के झूलों, खिलौनों की दुकानों और स्वादिष्ट व्यंजनों ने मनोरंजन का रंग और बढ़ा दिया। भीड़ का उत्साह देखते ही बनता है, जो इस ऐतिहासिक मेले की रौनक को दोगुना कर रहा है। मेला व्यवस्थापक हामिद पठान ने बताया कि मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और भारी पुलिस बल तैनात है।

मुरादनगर थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार तोमर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा, “शहर के इस बड़े मेले की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी को सख्ती से रोका जाएगा।”

यह मेला न केवल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता का भी अनुपम उदाहरण पेश करता है। देश भर से आए श्रद्धालु और दर्शक इस मेले में शामिल होकर हजरत मोहम्मद मुराद गाजी की दरगाह पर अपनी अकीदत पेश कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *