इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल किया, अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी
रिपोर्ट:अबशर उल हक

गाजियाबाद के मुरादनगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बीटेक छात्रा को सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने की कोशिश की गई। आरोप है कि अज्ञात शख्स ने इंस्टाग्राम पर छात्रा के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसकी अश्लील फोटो अपलोड कर दी और उसे उसके सहपाठियों व रिश्तेदारों को भेजना शुरू कर दिया।
छात्रा दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित एक कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रही है। उसकी शिकायत के अनुसार, आरोपी ने न केवल उसकी छवि को धूमिल किया, बल्कि जब छात्रा ने आईडी हटाने की मांग की तो आरोपी ने उल्टा उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने छात्रा से अर्धनग्न तस्वीरें भेजने की मांग की और मना करने पर उसकी और भी अधिक अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इस पूरे घटनाक्रम से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा का कहना है कि वह आरोपी को जानती तक नहीं है। उसके मुताबिक, यह हरकत किसी अनजान व्यक्ति द्वारा की जा रही है, जो उसकी पहचान और छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है। एसीपी मुरादनगर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर टीम की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, छात्रा को हरसंभव सुरक्षा और सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया की दुनिया में गोपनीयता और सुरक्षा के नाम पर कितने खतरे छिपे हुए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।



