उत्तर प्रदेश

महामना मालवीय और अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर मुरादनगर में महायज्ञ एवं भव्य समारोह का आयोजन

रिपोर्ट : अबशार उलहक

मुरादनगर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं अखिल भारतीय परशुराम सेवा दल के संयुक्त तत्वाधान में आज 25 दिसंबर 2025 को मदन मोहन मालवीय पब्लिक स्कूल में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेई की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

3100 आहुतियों के साथ विश्व शांति का संकल्प : कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पंडितों द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य महायज्ञ से हुआ। प्राणीमात्र के कल्याण, राष्ट्र की उन्नति, विश्व शांति और पर्यावरण शुद्धि हेतु यज्ञ में 3100 आहुतियां दी गईं। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की गई।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति : समारोह में परशुराम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. विनोद कुमार मिश्रा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व राज्यमंत्री पं. मुकुल उपाध्याय, WBF के चेयरमैन पं. रविकांत शर्मा और पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी, जिलाध्यक्ष पं. राकेश शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष पं. अरुण शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सेवा कार्य और सम्मान समारोह : इस अवसर पर समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश की गई:

सशक्तीकरण: 10 निराश्रित महिलाओं को सिलाई मशीनें भेंट की गईं।

सम्मान: वरिष्ठ नागरिकों, समाज में अग्रणी मातृशक्ति और मीडिया कर्मियों (कलम के सिपाहियों) को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

विशेष सम्मान: मुरादनगर थाना अध्यक्ष अंकित चौहान को विधायक व अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

प्रतिभा प्रोत्साहन: बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र दिए गए। 5 वर्षीय नन्ही बालिका खुशी ने ‘मेरे घर राम आए हैं’ भजन सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महापुरुषों के मार्ग पर चलने का आह्वान : पूर्व राज्यमंत्री मुकुल उपाध्याय और विधायक अजीत पाल त्यागी ने दोनों महापुरुषों की जीवनी पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. विनोद कुमार मिश्रा ने ब्राह्मण समाज से संगठित होने और महामना व अटल जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। वक्ताओं ने ब्राह्मणों पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर रोष भी प्रकट किया।

​कार्यक्रम का संचालन प्रेमचंद शास्त्री और राजिंदर शर्मा ने किया। इस भव्य आयोजन में 44 गांवों के ब्राह्मणों ने हिस्सा लिया और आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *