छात्र का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से था लापता
बेल्हा/प्रतापगढ़ : ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी
बेल्हा। प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर दखिनहन पुरवा में शुक्रवार सुबह एक ग्यारहवीं के छात्र का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय राज वर्मा के रूप में हुई है, जो दो दिन पूर्व अपने दोस्त के साथ घर से निकला था और उसके बाद से लापता था।
शव गांव के पास झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसकी हालत बेहद दर्दनाक थी। सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका को बल मिल रहा है। घटनास्थल से शराब की बोतलें और कुछ नाश्ता भी बरामद हुआ है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक और संभवतः अन्य लोग वहां मौजूद थे।
परिजनों का आरोप है कि राज की हत्या किसी गहरी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि राज अपने दोस्त के साथ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दो दिन तक उसकी तलाश की जाती रही, लेकिन आज सुबह उसका शव मिलने से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही सांगीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया गया है।



