मिशन शक्ति अभियान के तहत महेशगंज पुलिस की बड़ी सफलता — दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी
Published by: ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत महेशगंज पुलिस की बड़ी सफलता — दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी
प्रतापगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान” के तहत प्रतापगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना महेशगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री बृजनन्दन राय व क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती करिश्मा गुप्ता के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी महेशगंज श्री मनोज कुमार तोमर के नेतृत्व में गठित मिशन शक्ति टीम — म0उ0नि0 वंदना वर्मा, उ0नि0 शिवपाल सिंह, एवं म0आ0 कंचन कुमारी क्षेत्र में महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112 आदि) एवं आत्मरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर रही थी।
इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक वांछित अभियुक्त क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मिशन शक्ति टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त सचिन यादव पुत्र हरीलाल, निवासी जादी का पुरवा पटना, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़, उम्र लगभग 22 वर्ष, को चेरा का पुरवा मोड़ खड़ंजा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के विरुद्ध धारा 64(1)/333/351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा गया है।
इस प्रभावी कार्रवाई से थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान की सार्थकता एक बार फिर सामने आई है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने मिशन शक्ति टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



