मुरादनगर: साइबर सेल ने की त्वरित कार्रवाई, पीड़ित को वापस कराई 78,000 रुपये की धनराशि
रिपोर्ट : अबशार उलहक
मुरादनगर : थाना क्षेत्र मे साइबर सेल ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए साइबर धोखाधड़ी के शिकार हुए एक व्यक्ति को उसकी पूरी धनराशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
ब्रिज विहार कॉलोनी निवासी सचिन, पुत्र गजेंद्र कुमार, ने साइबर सेल थाना मुरादनगर में शिकायत दर्ज की थी कि उनके साथ साइबर ठगी के जरिए 78,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत मिलते ही साइबर सेल की टीम ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए मामले की तह तक पहुंची। साइबर सेल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पीड़ित सचिन को उनकी पूरी धनराशि 78,000 रुपये वापस करा दी गई। इस सफलता ने न केवल पीड़ित को राहत प्रदान की, बल्कि साइबर सेल की कार्यकुशलता को भी उजागर किया।
थाना मुरादनगर की साइबर सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या लेनदेन से सावधान रहें और ऐसी किसी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साइबर सेल ने यह भी आश्वासन दिया है कि साइबर अपराधों के खिलाफ उनकी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



