अयोध्या । राम नगरी अयोध्या में इस बार 19 अक्तूबर को दीपोत्सव 2025 मनाया जाएगा। साथ ही कार्तिक पूर्णिमा मेला भी इसी अवधि में आयोजित होगा। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का दावा है कि दीपोत्सव इस बार पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य और दिव्य होगा। सरयू तट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा, वहीं लेजर शो और ड्रोन शो कार्यक्रम को और आकर्षक व यादगार बनाएंगे।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने बताया कि राम की पैड़ी दीपोत्सव का मुख्य स्थल रहेगा। पिछले वर्ष 25 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया था। इस बार दीपों की संख्या को लेकर मंथन चल रहा है और एक सप्ताह के भीतर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अवध विश्वविद्यालय के साथ मिलकर यह तय किया जा रहा है कि दीपक कहां-कहां जलाए जाएंगे। इसके लिए विशेष मैपिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष जोर
डीएम ने बताया कि 2023 में अराजक तत्वों की ओर से दीपक का तेल निकालने की घटना सामने आई थी। इस बार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं और आने वाले दिनों में शासन स्तर पर पर्यटन व संस्कृति विभाग के अधिकारियों को भी नामित किया जाएगा। दीपक निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी ताकि समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
30 सितंबर तक पूरे हों निर्माण कार्य
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि राम की पैड़ी व दीपोत्सव स्थल पर चल रहे सभी निर्माण कार्य 30 सितंबर तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं और निर्माण सामग्रियां हटा दी जाएं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक
एडीएम सिटी योगानंद पांडेय ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान साकेत महाविद्यालय से झांकी व शोभायात्रा निकलेगी। रामकथा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि सरयू आरती और राम की पैड़ी पर दीपोत्सव मुख्य आकर्षण रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा मेला और परिक्रमा मार्ग
डीएम ने परिक्रमा व कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए विभागों से पांच दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर काम कर रही संस्थाओं को निर्देश दिया कि 15 अक्तूबर तक सड़कों और स्ट्रीट लाइट का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
बैठक में सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, एडीएम एफआर महेंद्र सिंह, सीएमओ डा. सुशील कुमार, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



