सैयारा’ का जलवा जारी: दो हफ्तों में 276 करोड़ पार, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 428 करोड़ के पार
रिपोर्ट नंदन
मुंबई।मोहित सूरी की निर्देशन में बनी अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज के दो हफ्तों में ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। युवा दर्शकों के बीच सुपरहिट हो चुकी इस फिल्म का क्रेज अब भी बरकरार है, हालांकि गुरुवार को इसके कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली।
गुरुवार को गिरा कलेक्शन, लेकिन कुल आंकड़ा दमदार
फिल्म ने अपने 14वें दिन यानी गुरुवार को 2.56 करोड़ रुपये की कमाई की। जबकि बुधवार को फिल्म ने 7.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। इसके साथ ही ‘सैयारा’ का भारत में कुल कलेक्शन 276.56 करोड़ रुपये हो चुका है।
दूसरे हफ्ते में भी शतक, बना भरोसेमंद ब्लॉकबस्टर
21.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने वाली ‘सैयारा’ ने महज चार दिनों में 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली थी। पहले हफ्ते में फिल्म ने 172.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने 100 करोड़ से अधिक का बिजनेस कर, इसे एक ठोस ब्लॉकबस्टर का दर्जा दिलाया है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर छाया ‘सैयारा’ का जादू
न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी ‘सैयारा’ का जादू चल रहा है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 428.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिससे यह साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार हो गई है।
‘सैयारा’ एक रोमांटिक थ्रिलर है, जो नई पीढ़ी को खासा पसंद आ रही है। शानदार संगीत, इमोशन और युवा स्टार्स की परफॉर्मेंस ने इसे जनमानस से जोड़ा है। अब देखना होगा कि तीसरे हफ्ते में फिल्म का ग्राफ कैसा रहता है।



