नोएडा को स्वच्छता में स्वर्ण सम्मान, नोएडा प्राधिकरण करेगा जश्न
नोएडा। संवाददाता :स्वच्छता और उत्कृष्ट शासन के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके नोएडा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में ‘गोल्डन सिटी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि के अवसर पर नोएडा प्राधिकरण द्वारा एक भव्य “सेलिब्रेशन सेरेमनी” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नोएडा की स्वच्छता, नागरिक भागीदारी और सुशासन के लिए किए गए कार्यों का जश्न मनाया जाएगा।
समारोह 17 जुलाई 2025 को सेक्टर-18 स्थित रेडिसन ब्लू एमबीडी होटल के कॉनकॉर्ड हॉल में दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगा। नोएडा प्राधिकरण ने इस मौके पर शहरवासियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी वर्ग और मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि यह पुरस्कार नोएडा के नागरिकों और प्राधिकरण की संयुक्त कोशिशों का परिणाम है। इस समारोह में स्वच्छता मिशन में योगदान देने वाले संगठनों और व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे इस गौरवपूर्ण क्षण का हिस्सा बनें और स्वच्छ नोएडा के संकल्प को और मजबूत करें।



