मुख्य सचिव ने देखा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क परियोजना का प्रस्तुतीकरण,1200 करोड़ के निवेश और 5000 रोजगार की संभावना
रिपोर्ट पुष्पेंद्र saini
ग्रेटर नोएडा, संवाददाता(पुष्पेंद्र सैनी) :मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर सेक्टर कप्पा-2 में प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) के लिए इच्छुक कंपनियों का प्रस्तुतीकरण देखा। इस परियोजना के लिए सुपर हैंडलर्स प्राइवेट लिमिटेड, अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड, और इंपेज़र लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी दावेदारी पेश की है।
करीब 174 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक लॉजिस्टिक पार्क में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, परियोजना के क्रियान्वयन से 5000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह पार्क क्षेत्रीय उद्योगों के लिए माल ढुलाई को सुगम और लागत प्रभावी बनाएगा।
प्राधिकरण के बोर्ड रूम में आयोजित इस प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्य सचिव के साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन की अध्यक्षता में गठित समिति के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। समिति इस प्रस्तुतीकरण के आधार पर अंतिम निर्णय लेगी।
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम, यीडा के सीईओ आर.के. सिंह, डीएम गौतमबुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा, एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, सुनील कुमार सिंह, श्रीलक्ष्मी वीएस, प्रेरणा सिंह व सुमित यादव, यीडा के ओएसडी शैलेन्द्र कुमार भाटिया, वित्त जीएम विनोद कुमार, जीएन प्लानिंग लीनू सहगल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस परियोजना को लेकर औद्योगिक जगत में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि एमएमएलपी के जरिए न केवल लॉजिस्टिक सेक्टर को बल मिलेगा, बल्कि ग्रेटर नोएडा को एक लॉजिस्टिक हब के रूप में नई पहचान भी मिलेगी।



