बहुजन हितों के लिए राजगीर में 29 जून को होगा ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’
रिपोर्ट संवाददाता रामा शंकर
पटना ( संवाददाता रामा शंकर): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी 29 जून को राजगीर स्थित हॉकी मैदान में ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’ का आयोजन करेगी। इसे लेकर पटना जिले के खुसरूपुर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसे पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने संबोधित किया।
डॉ. भट्ट ने कहा कि यह समागम ऐतिहासिक होगा, जिसमें लगभग तीन लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान होंगे। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को सिर्फ एक जाति विशेष का नेता समझना भूल होगी, क्योंकि उनकी स्वीकार्यता पूरे बिहार के हर वर्ग में है – अगड़ा, पिछड़ा, दलित, महादलित, सवर्ण, गरीब-अमीर सभी में उनकी लोकप्रियता है।
डॉ. भट्ट ने कहा कि कांशीराम, बाबू जगजीवन राम और रामविलास पासवान जैसे नेताओं के बाद जो बहुजन नेतृत्व में खालीपन आया है, उसे चिराग पासवान भर रहे हैं। बहुजन समाज उनमें अपना भविष्य देख रहा है। राजगीर का समागम बहुजन अधिकारों की रक्षा और उनके हक-हुकूक के संकल्प का प्रतीक होगा।
उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों ने बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान का ठेका ले लिया है, जिससे बहुजन समाज में नाराजगी है। ऐसे में चिराग पासवान बहुजनों को एकजुट कर उन्हें सुरक्षित महसूस कराने का काम करेंगे।
इस अवसर पर पार्टी के पटना जिला पूर्वी अध्यक्ष रंजीत यादव ने बताया कि समागम को लेकर पूर्वी पटना के गांव-गांव में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा, अरवल जिला अध्यक्ष सत्येंद्र रंजन, संगठन सचिव संजय शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष निभा पासवान, प्रियंका पासवान सहित कई नेता मौजूद रहे।