लंदन जा रहा था एयर इंडिया का प्लेन अहमदाबाद में क्रैश, टेक ऑफ के समय हुआ बड़ा हादसा
Published by धर्मेंद्र शर्मा
गुजरात (धर्मेंद्र शर्मा): गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान AI171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, टेक ऑफ के दौरान ही हादसे का शिकार हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 10 क्रू मेंबर्स भी शामिल हैं।
हादसे की जगह:
यह हादसा अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में हुआ, जो एयरपोर्ट के नजदीक स्थित एक घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र है। टेक ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान में तकनीकी गड़बड़ी आई और वह संतुलन खोकर सीधे बस्तियों के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार उठता देखा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी:
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्राथमिक रिपोर्ट्स के अनुसार, कई यात्री घायल हुए हैं और उन्हें शहर के सिविल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रतिक्रिया और जांच:
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद रवाना हो गए हैं और लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर से बात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली है।
DGCA और एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद करने की कोशिश की जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
देशभर से प्रतिक्रियाएं:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और प्रभावितों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। इस हादसे को लेकर पूरे देश में चिंता और दुख का माहौल है।



