उत्तर प्रदेश

फेज-3 थाना प्रभारी ध्रुवभूषण दुबे की टीम ने मुठभेड़ में पकड़ा फर्जी पुलिस बनकर वसूली करने वाला बदमाश

Published by धर्मेंद्र शर्मा

नोएडा संवाददाता ( धर्मेंद्र शर्मा):थाना फेस-3 पुलिस ने शनिवार को एक फर्जी पुलिसकर्मी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से डराकर पैसे वसूलता था। पकड़ा गया आरोपी खुद को पुलिस बताकर लोगों को धमकी देता था कि उन्हें जेल भेज देगा, और गूगल पे से पैसे मंगवाता था।

जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को थाना फेस-3 पुलिस टीम टीपीनगर चौराहे पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने गढ़ी गोलचक्कर के पास पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान अमित उर्फ सुक्के पुत्र अनिल निवासी चितवाना शेरपुर, थाना किला परीक्षितगढ़, मेरठ के रूप में हुई। वह वर्तमान में नोएडा के बहलोलपुर गांव में किराए पर रह रहा था। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, पुलिस की वर्दी, फर्जी नंबर प्लेट, और स्प्लेंडर प्रो बाइक बरामद हुई है। उसके कब्जे से 1200 रुपये की नकदी भी मिली।

पुलिस के अनुसार, अमित पर पहले से थाना फेस-3 में मु.अ.स. 284/25 और मेरठ के थाना किला परीक्षितगढ़ में मु.अ.स. 302/2024 दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह साथी के साथ मिलकर पुलिस बनकर लोगों को डराता और ठगी करता था।

पुलिस बदमाश के आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *