उत्तर प्रदेश

नोएडा फेज-1 में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात स्नैचर घायल, थाना प्रभारी की सक्रियता से बड़ी वारदात टली

Published by धर्मेंद्र शर्मा

नोएडा( धर्मेंद्र शर्मा):नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र में अपराध पर लगाम कसने की पुलिस की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात सेक्टर-14 के पीछे गंदे नाले की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस और मोबाइल/चेन स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर सेक्टर-16 की ओर नाले की पटरी पर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसलकर गिर गई और बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में बदमाश को गोली लगी और वह घायल हो गया। मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान अरुण कुमार उर्फ अरुण सागर उर्फ गोलू (उम्र 33 वर्ष), निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, पांच चोरी के मोबाइल फोन, पीली धातु की जली हुई चैन, 10,000 रुपये नकद और चोरी की मोटरसाइकिल (नं. DL4SBX6960) बरामद की।

पूछताछ में अरुण ने हाल ही में अपने साथी के साथ कई स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। बरामद चैन और मोबाइल फोन थाना फेज-1 और सेक्टर-24 में दर्ज केसों से संबंधित हैं। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

अरुण कुमार के खिलाफ दिल्ली व नोएडा में 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैर इरादतन हत्या जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

थाना प्रभारी की सतर्कता और तत्परता से एक शातिर अपराधी गिरफ्त में आया है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक अहम सफलता मानी जा रही है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *