मोदीनगर: एसीपी अमित सक्सेना की अध्यक्षता में शांति समिति बैठक, ड्रोन अफवाहों पर गहन चर्चा
रिपोर्ट : हैदर खान
मोदीनगर : नवनियुक्त सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोदीनगर अमित सक्सेना ने भोजपुर थानाध्यक्ष सचिन कुमार के साथ मिलकर थाना भोजपुर परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में थाना क्षेत्र के सभी गांवों के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और जिम्मेदार व्यक्ति शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना था, साथ ही हाल के दिनों में फैली ड्रोन से संबंधित अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था।
एसीपी अमित सक्सेना ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों से अफवाहों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “ड्रोन से संबंधित अफवाहें सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हैं। हमारा प्रशासन इस तरह की भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रख रहा है। जनता से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा और शांति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भोजपुर नवनियुक्त थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बैठक में स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि भोजपुर थाना पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय है। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और ड्रोन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि यह बैठक क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस प्रशासन और स्थानीय समुदाय मिलकर सामाजिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करने के लिए कटिबद्ध हैं।



