विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार
Published by:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

प्रतापगढ़। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसील में तैनात कानूनगो अयूब खान को 10 हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर मांधाता निवासी राजाराम ने अपने नाम पर वरासत दर्ज कराने के लिए कानूनगो से संपर्क किया था। इस दौरान कानूनगो अयूब खान ने कार्य निस्तारण के एवज में 10 हज़ार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित राजाराम ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन प्रयागराज को कर दी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने समाधान दिवस पर तहसील सदर में दबिश दी। जैसे ही अयूब खान ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। कानूनगो की गिरफ्तारी होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों और फरियादियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को मांधाता थाने लेकर पहुँची, जहाँ उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टीम अब उससे पूछताछ कर रही है कि उसने कितने और प्रकरणों में इस तरह की वसूली की है।
इस कार्रवाई से जिले के भ्रष्टाचारियों में खलबली मच गई है और लोगों ने विजिलेंस टीम की तत्परता की सराहना की है।



