उत्तर प्रदेश

ऑपरेशन क्लीन के तहत सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई,118 सीज वाहनों की नीलामी

Published by धर्मेंद्र शर्मा

सूरजपुर: थाना सूरजपुर पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर सीजशुदा 118 वाहनों की नीलामी कराई। यह नीलामी आज थाना परिसर में संपन्न हुई, जिसमें 112 दोपहिया, 4 तीन पहिया और 2 चारपहिया वाहन शामिल थे।

पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर लावारिस व लंबे समय से सीज वाहनों के निस्तारण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। आज की नीलामी से पहले वाहनों का न्यायालयीन आदेश प्राप्त कर मूल्यांकन किया गया और व्यापक प्रचार-प्रसार कर बोलीकर्ताओं को आमंत्रित किया गया।

नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक बोलीदाताओं ने 30-30 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा कर बोली लगाई। सर्वाधिक बोली 3 लाख 11 हजार रुपये की रही, जो गाजियाबाद निवासी मोहम्मद अनीस पुत्र अब्दुल हमीद द्वारा लगाई गई। उन्हें सभी 118 वाहन नीलाम कर दिए गए। अन्य बोलीदाताओं की जमा राशि उन्हें वापस लौटा दी गई।

इस पूरी प्रक्रिया में पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्देशन में गठित टीम के सदस्य – एसीपी तृतीय, थाना प्रभारी सूरजपुर, आरआई टेक्निकल और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

यह नीलामी पुलिस प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *