शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति योजना शुरू करेगी यूपी सरकार: सीएम योगी
Published by दीपांशु तिवारी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति योजना शुरू करेगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छात्रवृत्ति हमारी युवा पीढ़ी को विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
सीएम योगी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्रा कर न केवल भारत बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। “चार दशक बाद भारत को अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिला। हर भारतवासी ने इसे गर्व और विश्वास के साथ देखा,” उन्होंने कहा। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि शुभांशु शुक्ला के पिता सचिवालय प्रशासन में कर्मचारी रहे हैं और उनके संस्कारों ने ही देश का सम्मान बढ़ाने में भूमिका निभाई है।
अंतरिक्ष अभियान के दौरान शुभांशु शुक्ला ने 18 दिनों में 300 से अधिक बार पृथ्वी की परिक्रमा की। सीएम योगी ने इसे अद्भुत बताते हुए कहा कि “लखनऊ में कई लोग ऐसे हैं जो पूरे जीवन में पूरा शहर भी नहीं घूम पाते, लेकिन शुभांशु ने महज कुछ दिनों में पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मिशन से भारत की ताकत को पूरी दुनिया ने देखा है और इस अनुभव से भविष्य में भी लाभ मिलेगा। उन्होंने शुभांशु शुक्ला को प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि सरकार उनकी उपलब्धियों को स्थायी स्वरूप देने के लिए यह छात्रवृत्ति योजना शुरू कर रही है।



