दीपावली पर्व से पूर्व फतनपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान में एक गिरफ्तार, 55 किलो आतिशबाज़ी सामग्री बरामद
Published by:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

फ़तनपुर। दीपावली पर्व के मद्देनज़र जनपद पुलिस ने अवैध आतिशबाज़ी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतनपुर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए और एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार अपनी टीम — महिला उपनिरीक्षक रेखा देवी, महिला कांस्टेबल गीता शर्मा, कांस्टेबल रामप्रताप यादव, कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, तथा फायर स्टेशन रानीगंज प्रभारी हेड कांस्टेबल सदाशिव यादव, फायरमैन मनीष कुमार यादव और होमगार्ड रंजीत कुमार मुतैना के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम सभा रामापुर में छापेमारी की गई, जहां एक व्यक्ति अवैध रूप से आतिशबाज़ी का कारोबार करता पाया गया।
पुलिस ने मौके से आसिफ अली पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी ग्राम रामापुर, थाना फतनपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 55 किलोग्राम अवैध आतिशबाज़ी सामग्री बरामद की। बरामदगी में शामिल हैं —
तीन बोरी एवं एक कार्टन निर्मित पटाखे (लगभग 30 किग्रा)
दो बोरी अर्धनिर्मित पटाखे (लगभग 25 किग्रा)
अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 243/2025 धारा 125 भारतीय दंड संहिता (BNS) एवं 5/9B विस्फोटक अधिनियम, 1984 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा सर्वोपरि है। अवैध पटाखों का भंडारण, निर्माण या विक्रय न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह जन-जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फतनपुर थाना प्रभारी श्री राजेन्द्र त्रिपाठी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि दीपावली उत्सव में केवल अधिकृत दुकानों से ही प्रमाणित पटाखे खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फतनपुर पुलिस की यह कार्यवाही दीपावली से पहले अवैध आतिशबाज़ी कारोबार पर बड़ी नकेल के रूप में देखी जा रही है। इससे स्पष्ट संदेश गया है कि जनपद पुलिस त्योहारों पर सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।



