तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
Published by:ब्यूरो चीफ दीपांशु तिवारी

गौरा/बीरापुर। फतनपुर थाना क्षेत्र के बेहदौल कला गाँव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाँव निवासी जयकिशन (38 वर्ष), पुत्र मेवालाल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सुबह लगभग 6 बजे वह रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन लंबे समय तक घर वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने जब तलाश शुरू की तो उनका शव गाँव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित मत्स्य पालन तालाब में मिला। घटना की सूचना फैलते ही गाँव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
फतनपुर थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जाँच में यह मामला फिसलकर तालाब में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मृतक जयकिशन के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी लक्ष्मीना और दो मासूम बेटे—15 वर्षीय विकास पटेल और 8 वर्षीय शिवा को छोड़ गए हैं। अचानक हुए इस हादसे से गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जयकिशन मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी मौत ने पूरे परिवार और गाँव को गहरे सदमे में डाल दिया है।



