मुरादनगर में कांवड़ यात्रा की शांतिपूर्ण सफलता के लिए पुलिस का सम्मान
रिपोर्ट : हैदर खान
मुरादनगर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा दंत परशुराम सेवादल ने कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सकुशल आयोजन के लिए मुरादनगर पुलिस प्रशासन के सराहनीय प्रयासों को सम्मानित किया। इस विशेष अवसर पर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, थाना प्रभारी मुरादनगर अंकित कुमार और रावली चौकी प्रभारी एसआई कपिल देव मलिक को सम्मानित किया गया। परशुराम सेवादल के विधानसभा अध्यक्ष चंद्रेश शर्मा रावली कला और उमेश्वर भारद्वाज ने पुलिस के अथक परिश्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मुरादनगर पुलिस का योगदान अहम रहा।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दिन-रात कड़ी मेहनत और चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ यह सुनिश्चित किया कि लाखों श्रद्धालुओं की यह यात्रा बिना किसी व्यवधान के पूरी हो। संगठन ने भविष्य में भी मुरादनगर पुलिस से इसी तरह की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा जताई। सम्मान समारोह में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, थाना प्रभारी अंकित कुमार और रावली चौकी प्रभारी कपिल देव मलिक को शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके समर्पण की सराहना की।
यह सम्मान समारोह न केवल मुरादनगर पुलिस के कार्यों की सराहना का प्रतीक बना, बल्कि समाज और पुलिस के बीच आपसी सहयोग और विश्वास को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।



